ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून।
उक्रांद कार्यकर्ताओं ने मनमाने तरीके से लोगों से ब्याज वसूली के विरोध में स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन कर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस मनमानी पर रोक के लिए प्रदेश में साहूकारी विनियम अधिनियम बनाया जाए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजधानी में मनमाने तरीके से गरीब जनता से ब्याज वसूली के लिए पूरा गिरोह काम कर रहा है। ब्याज की धनराशि न चुका पाने पर उनकी जमीन और मकानों पर कब्जा किया जा रहा है। राज्य में अभी तक अपना साहूकारी विनियमन अधिनियम न होने की वजह से उत्पीड़न के शिकार लोगों की पुलिस द्वारा भी कोई सहायता नहीं की जा रही है। पीड़ितों को थाने व चौकियों से बगैर कोई कार्रवाई किए लौटाया जा रहा है। धरना देने वालों ने बाद में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। धरना देने वालों में महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री, केंद्रीय प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट, केंद्रीय मीडिया प्रभारी सुनील ध्यानी, डीके पाल, इमरान अहमद, सुशील मंमगाई, राजन घनसाला, सीमा कलुडा, बिना भंडारी, प्रीति, राजेश्वरी रावत, ललित घिल्डियाल, सचिन कुमार आदि शामिल रहे।