ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
नगर निगम क्षेत्र में शामिल 72 गांवों के करीब डेढ़ लाख वोटर पहली बार अपना मेयर चुनेंगे। उन्हें पहली बार नगर निगम चुनाव में मताधिकार का मौका मिलेगा। शहर की सरकार बनाने में अपना योगदान देने को लेकर यहां के लोगों में उत्साह है।
नगर निगम के सीमा विस्तार की अधिसूचना जारी होने के साथ ही अब इसमें 72 गांव और शामिल हो गए हैं। निगम क्षेत्र की बात करें तो 60 वार्डों में 375118 मतदाता हैं। वहीं, 72 गांवों की आबादी करीब ढाई लाख है, जिसमें करीब डेढ़ लाख वोटर हैं। यह पहली बार निगम चुनाव में मताधिकार करेंगे। यही कारण है कि वार्डों से चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे संभावित उम्मीदवारों ने उन्हें साधना शुरू कर दिया है। बड़े दलों के साथ ही छोटे दलों के नेताओं ने घर-घर जाकर संपर्क करना शुरू कर दिया है। वहीं, परिसीमन के बाद दून निगम का दायरा छह से बढ़कर आठ किमी हो गया है। आबादी भी पांच से बढ़कर आठ लाख पार पहुंच गई है।
--
बीएलओ कर रहे वोटरों का सत्यापन
वार्डों में मतदाता पहचान-पत्र बनाने का कार्य चल रहा है। बीएलओ घर-घर जाकर वोटर सूची तैयार कर रहे हैं। हालांकि, अभी यह अभियान भारत सरकार की ओर से चलाया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर वार्डों का परिसीमन पूरा होने के बाद राज्य स्तर पर भी यह कार्य शुरू हो जाएगा।