ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को हरिद्वार रोड स्थित सपेरा बस्ती में निगम की जमीन से दो अतिक्रमण हटाए। इस दौरान अतिक्रमणकारियों और निगम की टीम के बीच नोकझोंक हुई, जिसके बाद निगम ने पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाकर कार्रवाई की। शुक्रवार को कर भूमि अधीक्षक विनय प्रताप को शिकायत मिली कि कुछ लोग नगर निगम की जमीन पर पक्का अतिक्रमण कर रहे हैं। जिस पर वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां निगम की जमीन पर दो लोग अतिक्रमण कर रहे थे। निर्माण रोकने पर अतिक्रमणकारी निगम की टीम से भिड़ गए। हालात बिगड़ने पर टीम ने नेहरू थाने से पुलिस फोर्स बुलवाई। इसके बाद अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान जारी रहेगा।