नई टिहरी। प्रतापनगर के सुदूरवर्ती सौंदी गांव के लिए स्वीकृत सड़क का निर्माण शुरू नहीं होने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि वर्षों से मांग करने के बाद गांव के लिए फेज- 13 में 3.40 करोड़ रुपये की लागत से छह किमी सड़क को स्वीकृति मिली थी, लेकिन कई बार निविदा जारी करने के बाद भी पीएमजीएसवाई काम शुरू नहीं कर पा रहा है।
सौंदी गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य जयपाल सिंह पंवार ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए दो बार निविदा जारी करने के बाद निरस्त की गई है, जिससे सड़क का सपना देख रहे ग्रामीणों में विभागीय के प्रति खासी नाराजगी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी अपने चहेतों को काम देने के लिए ग्रामीणों की समस्या को अनदेखी कर बार-बार निविदा निरस्त कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क निर्माण जल्द शुरू नहीं किया गया, तो विभाग के दफ्तर में धरना शुरू किया जाएगा। इस बाबत पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि जिस कार्यदायी संस्था के नाम निविदा खोली गई थी। उनके अनुभव सर्टिफिकेट मानक अनुसार नहीं था, जिससे निविदा निरस्त की गई है। उन्होंने कहा कि 10 दिन पहले ही फिर से निविदा जारी की गई है, जिसकी अंतिम तिथि सात जुलाई तय की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार निविदा स्वीकृत हो जाएगी और निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।