रुद्रप्रयाग। मिजिल्स-रुबेला टीकाकरण अभियान 2017 के लिए गठित टास्क फोर्स समिति की बैठक में 11 सितंबर से शुरू होने वाले अभियान पर चर्चा की गई।
जिला सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि भारत सरकार के निर्देशों पर प्रदेश में 11 सितंबर से 9 से 15 वर्ष के बच्चों को लक्ष्य मानते हुए मिजिल्स-रुबेला टीकाकरण अभियान की शुरूआत की जाएगी। नियमित टीकाकरण के बावजूद भी खसरे से प्रतिवर्ष करीब 49 हजार बच्चों की मौत हो जाती है। अब इस अभियान के तहत 9 से 15 वर्ष तक के बच्चों को खसरा-रुबैला का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए इस आयु वर्ग आंकड़े एकत्रित किए जा रहे हैं। कार्य के लिए आइसीडीएस, शिक्षा विभाग व स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त सर्वे के लिए कहा गया है। डा. अजीत गुप्ता ने पावर प्वाइंट के जरिए मिजिल्स-रुबेला टीकाकरण कार्यक्रम की जानकारी दी। बताया गया कि 11 सितंबर से आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम चार सप्ताह तक चलेगा। प्रथम सप्ताह में स्कूली व अगले तीन सप्ताह तक विभिन्न स्थानों में टीकाकरण किया जाएगा। छूटे हुए बच्चों के लिए स्वीपिंग एक्टिविटि के तहत फिर एक सप्ताह का विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर प्रभारी सीडीओ एनएस रावत, सीएमओ डा. सरोज नैथानी समेत जिला टास्क फोर्स समति के सदस्य मौजूद थे।