यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम में बढ़ी दर्शनार्थियों की संख्या
शुक्रवार को दोनों धामों में पहुंचे 15 हजार तीर्थयात्री
अमर उजाला ब्यूरो
उत्तरकाशी/बड़कोट।
यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को भी करीब 15 हजार तीर्थयात्री इन दोनों धामों तक पहुंचे। कपाट खुलने के बाद से अभी तक करीब डेढ़ लाख यात्री इन दोनों धामों की यात्रा कर चुके हैं।
चार धाम यात्रा सीजन शुरू होने के बाद से ही जिले के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के चलते मौसम खुशगवार बना हुआ है। ऐसे में मैदानी इलाकों की तपती गर्मी से यहां पहुंच रहे तीर्थयात्रियों को यहां का खुशगवार मौसम खूब रास आ रहा है। कपाट खुलने के बाद से ही यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। शुक्रवार शाम छह बजे तक करीब साढ़े सात हजार तीर्थयात्री यमुनोत्री और सात हजार तीर्थयात्री गंगोत्री धाम पहुंचे। शुरूआती 11 दिनों में ही इन दोनों धामों तक पहुंचने वाले यात्रियों का आंकड़ा डेढ़ लाख तक पहुंच गया है।
तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने से धामों और यात्रा पड़ावों पर रौनक है। देश के विभिन्न हिस्सों से ही नहीं विदेशों से भी बड़ी संख्या में हिंदू धर्मावलंबी चार धाम यात्रा पर पहुंच रहे हैं। नेपाल से निकले 27 तीर्थयात्रियों का दल यमुनोत्री धाम की यात्रा करने के बाद शुक्रवार को गंगोत्री धाम की यात्रा पर गया। दल में शामिल विष्णु पांडे, हरिशरण पांडे, ऊं कुमारी, सावित्री देवी, प्रकाश सिलवाल आदि यात्रियों ने बताया कि नेपाल में भी लोगों में चार धाम यात्रा के प्रति अगाध आस्था है। हर साल बड़ी संख्या में तीर्थयात्री नेपाल से चार धाम यात्रा पर आते हैं। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।