ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उच्च शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने कहा है कि प्रदेश के हर परिवार को अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का शुभारंभ 25 दिसंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा करेंगे।
उच्च शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री बृहस्पतिवार को परेड ग्राउंड स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में कार्यकर्ता बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है। इस अवसर पर प्रदेश के सभी 13 जिलों और 70 विधानसभाओं में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत खुद इस योजना की शुभारंभ करेंगे। राजपुर विधायक खजानदास ने रविवार को आयोजित होने वाले बांग्लादेश मुक्ति दिवस कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉलोनी में होने वाले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री वीके सिंह होंगे।
महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने संसद पर 13 दिसंबर को हुए हमले को याद करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में जम्मू-कश्मीर सीमा पर सख्ती के चलते अब आतंकवादी देश के भीतर नहीं आ पा रहे हैं। बैठक के अंत में संसद हमले में शहीद सिपाहियों की याद में एक मिनट का मौन रखा गया। मेयर सुनील उनियाल गामा ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया। बैठक में दान सिंह रावत, पुनीत मित्तल, राजेंद्र ढिल्लो, आदित्य चौहान, राजेश रावत, अनिल डबराल, राजीव उनियाल, रविंद्र कटारिया, संजय गुप्ता, हरीश डोरा, सीताराम भट्ट, दिनेश सती, विजेंद्र राणा, प्रभात कुमार, पूनम नौटियाल, रतन सिंह चौहान, अनुराग भाटिया, संदीप मुखर्जी आदि मौजूद रहे।