ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
हिमालय और गंगा है राष्ट्र का गौरव हैं। हिमालय हमारे देश ही नहीं पूरे विश्व की रक्षा करता है। हमारे राज्य में जड़ी बूटियों की कोई कमी नहीं है। यहां पर्यटन के लिए भी उत्तम अवसर हैं।
ये बातें पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने रविवार को सुभाष रोड स्थित एक होटल में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय जनसंपर्क सम्मेलन के दूसरे दिन कहीं। राष्ट्रीय जनसंपर्क सम्मेलन का आयोजन पब्लिक रिलेशन सोसायटी ऑफ इंडिया की ओर से किया गया है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक रमेश भट्ट ने कहा कि गंगा प्रदेश के साथ देश के 50 प्रतिशत भाग को स्पर्श करती है। पब्लिक रिलेशन सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजित पाठक ने कहा कि गंगा को स्वच्छ रखने की चेतना पूरे देश में फैल रही है। इस दौरान सनराइज स्कूल के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुति से स्पर्श गंगा व नमामि गंगे का संदेश दिया। सम्मेलन के दूसरे दिन 25 राज्यों के विशेषज्ञों समेत 500 लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर यूकॉस्ट के निदेशक डॉ. राजेंद्र डोभाल, प्लानिंग कमीशन के सलाहकार एचपी उनियाल, नेशनल संस्थान ऑफ हिमालय इनवारमेंट के निदेशक आरएस रावल, निवेदिता बनर्जी, नरेंद्र मेहता, विमल डबराल, अमरनाथ त्रिपाठी, अनिल सती, अमित पोखरियाल, सुरेश भट्ट, देवी प्रसाद उनियाल, राकेश डोभाल, अनिल वर्मा, संजय सिंह, हेम प्रकाश, विकास कुमार आदि मौजूद रहे।