ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। राजधानी के विभिन्न मार्गों पर बिना परमिट और नियमों की अनदेखी कर दौड़ रही निजी बसों और अन्य वाहनों के खिलाफ परिवहन निगम के कर्मचारी मुखर हो गए हैं। बुधवार को रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के पदाधिकारियों ने एलान किया यदि 14 दिसंबर तक इन वाहनों के संचालन पर रोक नहीं लगी तो 15 दिसंबर से इनके संचालकों के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। इस संबंध में परिषद पदाधिकारियों ने परिवहन सचिव और जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंप दिया है।
परिवहन सचिव को भेजे ज्ञापन में परिषद पदाधिकारियों ने कहा है कि राजधानी के विभिन्न मार्गों पर परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर निजी बसों और अन्य वाहनों का संचालन किया जा रहा है। जबकि परमिट शर्त के अधीन कोई भी वाहन वहीं खड़ा किया जा सकता है जहां उसके लिए स्थान निर्धारित किया जाता है। इसके अलावा ऐसे वाहनों को यात्रियों की बुकिंग करने की भी इजाजत नहीं दी जाती। बावजूद कई मालिक इन नियमों को दरकिनार कर वाहन संचालित कर रहे हैं। अग्रसेन चौक, गांधी रोड, त्यागी रोड, तहसील चौक, गांधी पार्क, एमडीडीए पार्क, परेड मैदान और आईएसबीटी आदि मार्गों और स्थानों पर अवैध बसों का संचालन धड़ल्ले से चल रहा है। इससे परिवहन निगम को प्रतिमाह लाखों रुपये की चपत लग रही है। परिवहन निगम की ओर से इस संबंध में कई बार परिवहन विभाग से भी शिकायत की, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं की गई। परिषद पदाधिकारियों ने एलान किया यदि 14 दिसंबर तक अवैध बसों और वाहनों के संचालन पर कार्रवाई नहीं की गई तो परिवहन निगम कर्मचारी खुद इनके खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू कर देंगे।