ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
द्रोणनगरी के प्राचीनतम श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत माया गिरी महाराज के ब्रह्मलीन होने के बाद महंत कृष्ण गिरी महाराज मंदिर के छठे महंत बने। सोमवार को मंदिर परिसर में हुए गद्दी महन्ताई समारोह में देश भर के सैकड़ों संत जुटे। वहीं, विशाल भंडारे में संतो, ब्राह्मणों और भक्तों ने भंडारा ग्रहण किया।
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और काबीना मंत्री सुबोध उनियाल समेत सभी संतों और महंत माया गिरी महाराज के अनुयायियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। देशभर से आए महामंडलेश्वरों, महंतों, संतों ने महंत माया गिरी महाराज को श्रद्धांजलि देने के बाद चादर विधि के साथ कृष्ण गिरी महाराज की गद्दी महन्ताई की गई। इस दौरान संतों और ब्रह्मलीन महंत माया गिरी महाराज के साथ बिताए स्मरणों को साझा करते हुए महंत कृष्ण गिरी ने उनकी सादगी, दयालुता, प्रेम और विनम्रता के लिए याद किया। संतों ने नवनियुक्त महंत कृष्ण गिरी महाराज को बधाई देते हुए माया गिरी महाराज के पद चिन्हों में चल कर धर्म और संस्कृति को सजोए रखने की प्रेरणा दी।
गौरतलब है कि लंबे समय से अस्वस्थ होने के चलते माया गिरी महाराज बीते 14 अक्तूबर को पलटन बाजार स्थित जंगम शिवालय आश्रम में ब्रह्मलीन हो गए थे। मंदिर परिसर में उन्हें भू-समाधि दी गई थी।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर गीता भारती, महानिर्वाणी के सचिव महंत रविंद्र पुरी, महंत रामसेवक गिरी, महंत शिवनारायण पुरी, काशी केे महंत रविंद्र गिरी, गिरधर गिरी, महंत गंगा सागर भारती, पुजारी भरत गिरी, महंत रमन गोस्वामी, श्याम सुंदर गोयल, मनोहर लाल जुयाल, डॉ. जौहरी लाल, डॉ. आरके जैन, डॉ. कृष्ण अवतार, गोपाल गुप्ता, महेश खंडेलवाल, आध्यात्मिक गुरु योगी बिपिन जोशी समेत शहर के धार्मिक, सामाजिक, संस्थाओं से जुड़े लोग मौजूद रहे।
-----
32 साल की है माया गिरी महाराज की सेवा
श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर के नवनियुक्त महंत कृष्ण गिरी महाराज ने 32 साल तक महंत माया गिरी महाराज की सेवा की है। उन्हें कुंभों के आयोजन का अच्छा अनुभव है। महंत कृष्ण गिरी महाराज ने पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े में विभिन्न पदों में सेवा दी है।