मसूरी में अध्यक्ष सहित चार पदों पर एबीवीपी का कब्जा
ब्यूरो/अमर उजाला
मसूरी। म्यूनिसिपल पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी, उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई जबकि महासचिव पद पर मसूरी छात्र संगठन ने कब्जा किया है। इनके अलावा संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी ने जीत दर्ज की है।
शनिवार को हुए चुनाव में एबीवीपी के रविंद्र रावत (502 मत) ने एनएसयूआई के जगपाल गुसाईं (317) को 185 मतों के अंतर से पराजित किया। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की प्रियंका (431) जीती हैं। प्रियंका ने एबीवीपी के नरेश सिंह (380) को 51 मतों से हराया। महासचिव पद पर मसूरी छात्र संगठन के कपिल सिंह (407) विजयी हुए हैं, जिन्होंने जेपी रूप के दीपक नौटियाल (379) को 28 मतों से पराजित किया है। जबकि तीसरे प्रत्याशी कपिल चौहान को मात्र 32 मत ही मिले। संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी की प्रीति बिष्ट (467) विजयी हुईं हैं। प्रीति ने जेपी रूप के विकास (347) को 120 मतों से हराया है।
कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की हिमानी रावत (583) ने एनएसयूआई की पूजा (238) को 345 मतों के विशाल अंतर से हराकर जीत दर्ज की। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एबीवीपी के रमेश भंडारी (434) विजयी हुए हैं। रमेश ने एनएसयूआई के निखिल बहादुर (301) को 133 मतों से पराजित किया है। जबकि तीसरे प्रत्याशी दीपक गिरि को 92 मत मिले।
सुबह 9.30 बजे से शुरू हुआ मतदान दोपहर 1.30 बजे तक हुआ। उसके बाद मतगणना शुरू हुई और शाम लगभग 6 बजे चुनाव अधिकारी डा. सुनील पंवार ने चुनाव परिणाम घोषित किए गए। चुनाव परिणाम घोषित किए जाने के तत्काल बाद चुनाव अधिकारी डॉ. पंवार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर एमपीजी कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. एसपी जोशी भी उपस्थित थे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए कॉलेज परिसर में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। जीतने वाले छात्रों ने नव किंग ग्रेग कॉलेज से लेकर टिहरी बस स्टेंड से माल रोड हुए हुए किताबघर तक विजयी जुलूस निकाला।
विजयी प्रत्याशियों को पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, मोहन पेटवाल, धर्मपाल पंवार, गीता कुमाई, मीरा सकलानी, अनीता सक्सेना, पुष्पा पड़ियार, राकेश रावत, आर्यन उनियाल आदि ने बधाई दी।