बालश्रम रोकने के लिए समन्वय बनाने के निर्देश
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। बालश्रम रोकने के लिए जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने सभी विभागों को समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को शिक्षा विभाग से बच्चों का सही डाटा हासिल करते हुए उसके मुताबिक बालश्रम की रोकथाम की कार्ययोजना बनाते हुए इस पर बालश्रम पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे लोगों पर फोकस करें जो व्यवसायिक, घरेलू तथा अन्य किसी भी प्रकार का बालश्रम करवा रहे हैं। उन पर निरीक्षण कर कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे बच्चे जो बालश्रम से आजाद करवाए गए हैं, उनके पुनर्वास, शिक्षा, मिड-डे मील भोजन व्यवस्था इत्यादि में शिक्षा, समाज कल्याण, पुलिस जैसे विभागों के समन्वय से कार्य करें। उन्होंने पुलिस विभाग को भी बालश्रम व बच्चों से संबंधित मामलों में हर थाने में महिला पुलिस अधिकारी या कुशल व्यवहार से बच्चों से संबंधित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से भीख मंगवाने वाले गिरोह पर भी अंकुश लगाने के लिए प्लान के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में उप जिलाधिकारी सदर प्रत्युष सिंह, सीओ सदर चंद्रमोहन सिंह, सहायक श्रम आयुक्त रमेश चंद्र राय आदि अधिकारी मौजूद रहे।
बालश्रम देखें तो यहां करें शिकायत
कोई भी व्यक्ति अगर 14 वर्ष से कम उम्र तक के बच्चों को कहीं श्रम करता पाते हैं तो उसकी सूचना टोल फ्र ी नंबर 1098 पर दे सकते हैं। इसके अलावा वेबसाइट www.pencil.gov.in पर वीडियो बनाकर भी अपलोड कर सकते हैं।