जोशीमठ। हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी है। गुरुद्वारा प्रबंधन के पदाधिकारियों के साथ करीब 20 सेवादार भी यात्रा मार्ग के घांघरिया पड़ाव पहुंच गए हैं। पैदल मार्ग की रैकी के लिए गया 418 इंजीनियरिंग कोर का दो सदस्यीय दल भी रविवार को लौट आया है। सेना का दल आगामी दो मई से यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य शुरू करेगा।
25 मई को हेमकुंड साहिब और लक्ष्मण लोकपाल मंदिर के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए जाएंगे। यात्रा मार्ग की रैकी कर लौटे 418 इंजीनियरिंग कोर के कमांडर पुनीत व हवलदार सरजीत सिह ने बताया कि यात्रा मार्ग पर अटलाकोटी में तीन सौ मीटर पैदल मार्ग पर अभी भी 15 फीट का हिमखंड मौजूद है, जबकि अन्य स्थानों पर भी करीब 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है। हेमकुंड गुरुद्वारा और लक्ष्मण मंदिर के आसपास अभी भी करीब पांच फीट बर्फ मौजूद है। यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य सेना द्वारा 2 मई से शुरू किया जाएगा, जिसके लिए इंजीनियरिंग कोर के रुड़की से 25 जवान जोशीमठ पहुंच गए हैं। जल संस्थान की ओर से पैदल यात्रा मार्ग पर पेयजल लाइनों का सुधारीकरण शुरू कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार 12 मई तक यात्रा मार्ग पर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। बीएसएनएल की ओर यात्रा मार्ग पर संचार सेवा सुचारु कर दी गई है।
गोविंदघाट गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रबंधक सेवा सिह ने बताया कि यात्रा तैयारियों को लेकर युद्ध स्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है।