गोपेश्वर। रविवार को बदरीनाथ हाईवे पर हेलंग के समीप चट्टान से भारी मलबा आने के चलते हाईवे करीब आधे घंटे बाधित रहा। इस दौरान बदरीनाथ धाम जा रहे तीर्थयात्रियों को वाहनों में ही जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा। हालांकि बाद में एनएच के मजदूरों द्वारा मलबा हटाकर यहां हाईवे को सुचारु किया गया।
बदरीनाथ हाईवे पर हेलंग और गुलाबकोटी के मध्य इन दिनों एनडीपीएल की ओर से ऑल वेदर रोड योजना के तहत हिल कटिंग कार्य किया जा रहा है। इसके चलते यहां चट्टान से बार-बार बोल्डर और मलबा आने का सिलसिला जारी है। रविवार को भी सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे यहां हिल साइड से टनों मलबा हाईवे पर आ गया। इससे हाईवे पर जाम लग गया। इससे बदरीनाथ धाम के कपाटोद्धाटन के लिए जा रहे तीर्थयात्रियों को आधे घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा। इधर, जिलाधिकारी आशीष जोशी का कहना है कि यात्राकाल के दौरान हाईवे को सुचारु रखने के लिए निर्माणदायी संस्था को निर्देश दिए गए हैं। हाईवे पर तीर्थयात्रियों को किसी भी सूरत में दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।