ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
जूनियर क्रिकेट लीग के फाइनल मुकाबले में बलूनी पैंथर्स ने बारू स्पोर्ट्स एकेडमी को पांच विकेट से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में शानदार बल्लेबाजी करने वाले पूर्वांश ध्रुव को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
बृहस्पतिवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में आयोजित फाइनल में बारू स्पोर्ट्स एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। सचिन सती ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 81 गेंदों पर 90 रन बनाए। आयुष प्रियदर्शनी ने 44 और समर्थ सेमवाल ने 25 रनों की पारी खेली। पूरी टीम 48.1 ओवर में 199 रन बनाकर सिमट गई। बलूनी पैंथर्स के समीर छमलवाण ने दो और अभिनव जोशी, पूर्वांश ध्रुव, अंश सेमवाल व आदित्य चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलूनी पैंथर्स की टीम ने 40.5 ओवर में 201 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। वशंज चौहान ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 71 रनों की पारी खेली। पूर्वांश ध्रुव और आदित्य चक्रवर्ती ने 42-42 और विकास यादव ने 11 रन बनाए। बारु के आयुष प्रियदर्शनी ने दो और सक्षम सेमवाल और अवजोत सिंह ने एक-एक विकेट चटकाया। कृष्ण किमोठी को उभरता खिलाड़ी, समीर छमलवाण को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, सचिन को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और हर्ष को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर का खिताब दिया गया।
मुख्य अतिथि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट, सचिव पीसी वर्मा, प्रभारी सचिव महिम वर्मा, प्रतियोगिता के सलाहकार डीके मिश्रा, धीरज खरे, अंकित रावत, सुनील चौहान समेत अन्य खेल प्रेमी मौजूद रहे।