सदन रीजन ने दिल्ली कारपोरेट को हराया
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
ओएनजीसी की ओर से डॉ. बीआर अंबेडकर स्टेडियम कौलागढ़ में आयोजित अंतर क्षेत्रीय फुटबाल प्रतियोगिता के सदन रीजन और दिल्ली कारपोरेट कार्यालय के बीच हुए मुकाबले में सदन रीजन ने दिल्ली कारपोरेट की टीम को 1-0 से हराया।
फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ ओएनजीसी के कार्यकारी निदेशक आलोक मिश्र ने किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेल भावना से खेलें, खेलने से शरीर स्वस्थ रहता है। इससे सहयोग की भावना को भी बढ़ावा मिलता है। आयोजन समिति के हरीश मोहन बंगारी ने कहा कि फुटबाल टीमों के बीच फाइनल मुकाबला 25 मार्च को होगा। इसी दिन पुरस्कार वितरण के साथ प्रतियोगिता का समापन किया जाएगा।
प्रतियोगिता का पहला मैच असोम और मुंबई के बीच हुआ। दोनों टीमों के बीच हुए कड़े मुकाबले में दूसरे हाफ तक दोनों टीमों में से कोई भी गोल नहीं कर सकी। जिससे यह मैच ड्रा हो गया। दूसरा मैच ईस्टन रीजन और वेस्टन रीजन के बीच हुआ। इसमें कोई टीम एक भी गोल नहीं कर सकी। जिस कारण यह मैच भी ड्रा हो गया। वहीं दिल्ली कारपोरेट कार्यालय और सदन रीजन के बीच हुए मुकाबले में सदन रीजन ने दूसरे हाफ में एक गोल कर मुकाबला जीत लिया।
प्रतियोगिता के दौरान विशिष्ट अतिथि कार्यकारी निदेशक वाई के श्रीवास्तव, उप महाप्रबंधक एससी झल्डियाल, मुख्य प्रबंधक पी सावंत, प्रभारी मुख्यालय खेल रजनीश बडोनी, खेल सह समन्वयक देवेंद्र सिंह बिष्ट, मातवर सिंह असवाल, अजय शर्मा, संजय भट्ट आदि मौजूद रहे।