ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
ग्राफिक एरा में बुधवार को युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों को लेकर एआईईएसईसी की ओर से यूथ स्पीक फोरम का आयोजन हुआ। जिसमें वक्ताओं ने कहा कि रोजगार पाने के लिए युवाओं को सामाजिक कार्य से जुड़ना चाहिए।
एआईईएसईसी की अध्यक्ष उपासना रे ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक विश्व में प्रत्येक छह लाख में से केवल एक लाख युवाओं को ही रोजगार मिल पाता है। ऐसे में एआईईएसईसी इस अंतर को मिटाना चाहती है। इसे लेकर युवाओं को सामाजिक कार्यों से जोड़कर उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। ग्राफिक एरा विवि के कुलपति डा. एलएमएस पालनी ने कहा कि वर्तमान में युवा सामाजिक कार्यों से दूर होते जा रहे हैं। जो चिंताजनक है। डीएआई फाउंडेशन के संस्थापक किशोर गुप्ता, दून स्कूल की सोशल सर्विस हेड अमृत एम बुरेट्ट ने भी अपने विचार रखे। कहा कि स्कूल और विश्वविद्यालयों को भी अपने पाठ्यक्रम में सामाजिक कार्यों को जोड़ना चाहिए। इस दौरान काफी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।