ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
देश सेवा की खातिर देहरादून के अनिरुद्ध उनियाल ने इंफोसिस कंपनी की नौकरी छोड़कर सेना की राह चुनी। हाल ही में हुई ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) चेन्नई की पासिंग आउट परेड से पास होकर अनिरुद्ध सेना में अफसर बन गए हैं। उनकी इस कामयाबी से परिवार में खुशी की लहर है।
देहरादून के धर्मपुर निवासी अनिरुद्ध अब देश सेवा को तैयार हैं। ओटीए से 11 महीनों के प्रशिक्षण के बाद 10 मार्च 2018 को हुई पासिंग ऑउट परेड में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए। आने वाले कुछ दिनों में जोधपुर राजस्थान में देश की सेवा करेेंगे। अनिरुद्ध ने बताया कि उन्हें इंफोसिस की नौकरी में संतुष्टि नहीं मिल रही थी। वह सेना का हिस्सा बनकर देश की सेवा करना चाहते थे। इसलिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी। उनके पिता वीपी उनियाल ओएनजीसी देहरादून में कार्यरत हैं व माता पूर्णिमा उनियाल दून के डीबीएस कॅालेज में प्रोफेसर हैं। उन्होंने बताया कि जब भी वह सेना के जवान व अधिकारियों को देखतेे थे तो उनका मन भी उस वर्दी को पहनकर देश की रक्षा करने का होता था। अपने इसी सपने को उन्होंने लक्ष्य बना लिया था जो अब पूरा हो गया।