ब्यूरो/ अमर उजाला, डोईवाला
स्थानीय विधायक त्रिवेंद्र सिंह रावत के सूबे का मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने सरकार बनने के पहले साल में अपनी विधानसभा को कई करोड़ के प्रोजेक्ट की सौगात दी है। इसीलिए कभी विकास से अछूती डोईवाला विधानसभा अब आदर्श विधानसभा की राह पर है।
मुख्यमंत्री पद पर आसीन होते ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने डोईवाला को आदर्श विधानसभा बनाने का संकल्प लिया। इस संकल्प को पूरा करने में उन्होंने पहले साल में ही कोई कसर नहीं छोड़ी। आने वाले साल में क्षेत्र में सीपैट और निफ्ट जैसे संस्थान डोईवाला की शोभा बढ़ाएंगे। तो 50 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले सूर्यधार बांध से पेयजल और सिंचाई की समस्या का समाधान होगा। इसके अलावा सीएम ने नगर पालिका डोईवाला में कूड़ा निस्तारण के लिए किल वेस्ट मशीन लगवाकर स्वच्छता अभियान को गति दी। थानो न्याय पंचायत से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए एलईडी ग्राम लाईट बल्ब प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत कराई। भाजपा के संगठनिक मंडलों के क्रम में सीएम ने डोईवाला, भानियावाला और बालावाला मियांवाला मंडल में करोड़ों की सड़कों का शिलान्यास किया। लगातार विधानसभा में सक्रिय रहकर लोगों की समस्याओं के निदान के लिए आगे आकर पहल की।
...........................................
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अगुवाई में सरकार ने विकास के उल्लेखनीय काम किए है। डोईवाला विधानसभा को मॉडल रूप देने के लिए कवायद शुरू की गई है। आने वाले सालों में विकास धरातल पर दिखाई देने लगेगा। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की कार्यशैली से आम जनता पूरी तरह से संतुष्ट है।
धीरेन्द्र पंवार, विशेष कार्याधिकारी , मुख्यमंत्री