क्षतिग्रस्त हो चुके रेलवे पुल को ठीक करने के लिए कांवड़ यात्रा के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए रेल निर्माण विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
रेलवे लाइन के जौरासी जबरदस्तपुर समेत दर्जनों गांवों को जोड़ने के लिए बनाया गया पुल पिछले दिनों क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके कारण रेलवे विभाग की ओर से पहले बड़े भारी तथा बाद में सभी प्रकार के ऊंचे वाहनों पर भी रोक लगा दी गई थी। विभाग की ओर से वाहनों की रोकथाम के लिए अवरोधक लगा दिया गया था। जिसके कारण दर्जनों गांव के लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों को कई-कई किलोमीटर का चक्कर काटकर अपने गांवों में बड़े वाहनों को लेकर जाना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए विभाग की ओर से पुल को ठीक करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से बजट मांगा गया था। जिस पर विभाग की ओर से रेल प्रशासन को बजट जारी कर दिया गया था, हालांकि डिमांड के अनुसार बजट नहीं मिला था। फिर भी रेलवे विभाग ने किसी भी दुर्घटना से लोगों को बचाने के लिए पुल की मरम्मत करने की प्लानिंग शुरू कर दी थी। अब विभाग कांवड़ के बाद पुल निर्माण का कार्य शुरू करने का दावा कर रहा है। रेलवे के निर्माण विभाग के पंकज शर्मा का कहना है कि चूंकि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात बाधित रहेगा, इसलिए फिलहाल तो काम शुरू करना संभव नहीं होगा, लेकिन कांवड़ यात्रा के बाद पुल को ठीक करने के लिए निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।