एशियन डेवलपमेंट बैंक और विश्व बैंक से उत्तराखंड को दिए जाने वाले 400 मिलियन डालर (करीब 2400 करोड़ रुपये) की मदद को केंद्र सरकार ने हरी झंडी दे दी।
इसके साथ ही 600 करोड़ रुपये अलग से ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों और पुल-पुलिया निर्माण के लिए मंजूर किया है। केंद्रीय वित्त मंत्रालय में एडीबी और विश्व बैंक के मामलों को देखने वाले सेंट्रल इकोनामी अफेयर्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों की सोमवार को राज्य के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
400 मिलियन डालर की मदद पर सहमति
बैठक में एडीबी और विश्व बैंक की टीम की ओर पिछले दिनों दी गई रिपोर्ट और 400 मिलियन डालर की मदद की सहमति पर चर्चा हुई। सामान्य तौर पर छह महीने से साल भर लगने वाली सारी प्रक्रिया को शिथिल करते हुए आधिकारियों ने डेढ़ महीने की एक्सरसाईज में ही 400 मिलियन डालर की राशि पर हामी भर दी।
एडीबी और वर्ल्ड बैंक देगा पैसा
अपर मुख्य सचिव राकेश शर्मा के मुताबिक 100 मिलियन डालर एडीबी और विश्व बैंक ग्रामीण सड़कों और पुल-पुलियों के लिए अलग से दे रहा है। डालर की औसत कीमत 60 रुपये की दर से 3000 करोड़ रुपये की सहायता एडीबी और विश्व बैंक के माध्यम से उत्तराखंड को मिलेगी।
उन्होंने बताया कि एडीबी की एक टीम देहरादून पहुंच गई है। मंगलवार से टीम प्रोजेक्ट बनाना शुरू कर देगी। अक्टूबर मध्य तक निर्माण कार्य शुरू करने का लक्ष्य है।