देहरादून। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने शनिवार को देहरादून में 249 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने युवाओं से देश को 2047 तक विकसित बनाने में योगदान देने की अपील की। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं को आई गॉट कर्मयोगी पोर्टल से जुड़कर अपने कौशल को लगातार बढ़ाते रहने का सुझाव दिया। इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया।
नियुक्ति पत्र पाने वालों में 121 अभ्यर्थियों को आयकर विभाग में, 53 को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में और 30 अभ्यर्थियों को रेलवे में नौकरी मिली। डाक विभाग में 20, प्रधान नियंत्रक रक्षा लेखा में 18 और भारतीय सर्वेक्षण विभाग में पांच अभ्यर्थी नियुक्त हुए। भारतीय प्रबंधन संस्थान और गृह मंत्रालय में एक-एक अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र मिला। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री का शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य आयकर आयुक्त रेणुका जैन गुप्ता ने स्वागत संबोधन दिया। कार्यक्रम में सरकारी नौकरी पाने वाले युवा, उनके परिवारजन और भारी संख्या में अन्य लोग उपस्थित रहे।