मतगणना की तैयारियों में जुटा प्रशासन, प्रशिक्षण आज से
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। लोकसभा चुनाव की मतगणना से पहले की जाने वाली तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार से अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू होगा। पहले चरण में अधिकारियों को 23 और 25 अप्रैल को सचिवालय में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद दूसरे व तीसरे चरण का प्रशिक्षण वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया जाएगा। मतगणना में शामिल होने वाले कार्मिकों को प्रशिक्षण 30 अप्रैल और 16 व 22 मई को दिया जाएगा। इस सप्ताह कार्मिकों की ड्यूटी संबंधी आदेश भी जारी किए जा सकते हैं।
रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में 23 मई को मतगणना होनी है। यहां कुल 10 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना की जाएगी। इनमें से सात विधानसभा क्षेत्र टिहरी लोकसभा के और तीन विधानसभा क्षेत्र हरिद्वार लोकसभा सीट में शामिल हैं। मतगणना दिवस के लिए तैयारियों के बीच सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एसए मुरुगेशन मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में बैठक में शामिल हुए। यहां 23 मई की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने बताया कि फिलहाल रिटर्निंग अफसर, सहायक रिटर्निंग अफसरों समेत कुल 40 अधिकारियों का प्रशिक्षण किया जाना है। इनमें 20 अधिकारियों को 23 व 25 अप्रैल को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कार्मिक ड्यूटी संबंधी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इस सप्ताह कार्मिकों की ड्यूटी की लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही पुलिस विभाग के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था और वहां सीसीटीवी आदि की व्यवस्था को लेकर निर्देश जारी किए जाएंगे।
आरओ ऑफिस में होगी डाक मतपत्रों की मतगणना
डाक मतपत्रों की गणना इस बार रिटर्निंग अफसर कार्यालय में की जाएगी। ऐसा पहली बार हो रहा है। इसके लिए मतपत्रों को कोषागार के डबल लॉक में रखा गया है। डाक मतपत्रों की गणना के लिए अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
चार स्तरीय होगी सुरक्षा
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में मतगणना के दिन चार स्तरीय की सुरक्षा होगी। इसके अलावा बैरियर प्वाइंट महाराणा प्रताप चौक से ही शुरू हो जाएंगे। इसके अलावा कॉलेज परिसर के प्रत्येक गेट पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियों को तैनात किया जाएगा। बम निरोधक दस्ता और श्वान दल की कई यूनिट भी तैनात की जाएंगी।