दून अस्पताल में आसान होगी आंतों की जांच
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। दून अस्पताल में अब आंतों की जांच कराना आसान होगा। अस्पताल में जल्द ही इमेज इंटेन्सिफायर मशीन (प्रतिदीप्ति दर्शन मशीन) लगने जा रही है। मशीन आंतों से संबंधित बीमारियों की जांच के लिए कारगर साबित होगी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मशीन लगाने के लिए ऑनलाइन टेंडर कराए गए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अस्पताल में मशीन लगाई जाएगी।
दून अस्पताल के एमआरआई प्रभारी महेंद्र भंडारी ने बताया कि अस्पताल में इमेज इंटेन्सिफायर मशीन लगाने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में कुल सात इमेज इंटेन्सिफायर मशीन लगाई जाएगी। जिसमें से एक आईसीयू में लगेगी। जबकि तीन पोर्टेबल और तीन जनरल मशीन लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि मशीन से आंतों में कैंसर, आंतों में क्षयरोग, आंतों में रुकावट, आंत का फटना आदि की जांच के लिए मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा।
----
ऐसे करेगी मशीन काम
मशीन से आंतों से संबंधित बीमारी की जांच करने के लिए रोगी को दवा पिलाई जाएगी। आंतों से होते हुए जाने वाली दवा और बीमारी का ब्योरा मशीन की स्क्रीन पर दिखाई देगा। जिससे आसानी से बीमारी का पता लग सकेगा।