ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मतदान के प्रति जागरूक करने में अब निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा सरकारी विभागों के विभागाध्यक्षों व कर्मचारियों की मदद ली जाएगी। इसके अलावा गैर सरकारी संगठनोें के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का भी सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों मेेें मतदाता जागरूकता फोरम (वैफ) का गठन किया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एसए मुरुगेशन ने बताया कि मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) के तहत जन सामान्य को मतदाता पंजीकरण, मतदाता सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करने व वोट के महत्व बताने के उद्देश्य से सरकारी विभागों, गैर सरकारी संगठनों, कारपोरेट एवं अन्य संस्थान में मतदाता जागरूकता फोरम (वैफ) का गठन किया जाएगा। फोरम का गठन करने के साथ ही मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इस बाबत सभी विभागाध्यक्षों व कारपोरेट कार्यालयों के अधिकारियों को अपने अपने फोरम का गठन करने के साथ ही नोडल अधिकारियों की भी तैनाती के लिए निर्देशित किया गया है। नोडल अधिकारियों के फोन नंबर, ई-मेल समेत तमाम जानकारियां जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करानी होंगी।