ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
बार में बीयर नहीं मिलने से गुस्साए युवा नेताओं ने बार में तोड़फोड़ कर डाली। हंगामा के दौरान बीयर की खाली बोतलें तोड़ने के साथ ही बार के शीशे भी तोड़े गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची धारा चौकी पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया है। इनमें कई छात्र नेता भी बताए जा रहे हैं।
एसपी सिटी श्वेता चौबे ने बताया कि रविवार रात कुछ युवक कनक चौक के पास एक बार में बैठे थे। युवक युवा मोर्चा से जुड़े बताए जा रहे हैं। युवक शुभम सती नाम के नेता के साथ बार में गए थे। रात करीब 11 बजे बार बंद हो गया था। इस दौरान शुभम के साथियों ने बीयर मांगी। कर्मचारियों ने बार बंद होने की बात कहते हुए बीयर देने से मना कर दिया। इसे लेकर शुभम सती और उसके साथियों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ने पर युवकों ने बार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसकी सूचना बीयर बार के कर्मचारियों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची धारा चौकी पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए चारों युवकों का मेडिकल कराया जा रहा है। बार संचालक तहरीर देगा तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। बार के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।