ब्यूरो/अमर उजाला, साहिया
जौनसार-बावर के सबसे बड़े स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी साहिया में मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल पा रही है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन है, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं होने से मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। मरीजों को विकासनगर के अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
जौनसार-बावर में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। छोटे स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की तैनाती नहीं होने से ताले लटके हैं। जबकि, कुछ बड़े स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की कमी के कारण मरीज बेहाल हैं। क्षेत्र के दो सौ से अधिक गांवों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया में पिछले पांच वर्षों से लोगों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल पा रही है। सीएचसी साहिया में पांच साल पहले रेडियोलॉजिस्ट का तबादला किया गया था। इसके बाद से यहां दूसरे रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं की गई। स्थानीय मोहन लाल शर्मा, सुरेंद्र सिंह चौहान, विरेंद्र सिंह चौहान, अनीता निराला, ममता वर्मा आदि ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से कई बार सीएचसी में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की मांग की जा चुकी है। लेकिन, इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
------
प्रदेश में रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण कई अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल रही है। शीघ्र ही वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से सीएचसी साहिया में अल्ट्रासाउंड सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
- डॉ. एसके गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी