लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर ब्लॉक में चार सौ की आबादी वाला पुजारगांव सड़क से नहीं जुड़ पाया है। लोनिवि की लापरवाही से वर्ष 2003 में स्वीकृत तीन किमी सड़क का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग इसी तरह गांव की अनदेखी करता रहा, तो उन्हें आंदोलन शुरू करने को मजबूर होना पड़ेगा।
रौणद रमोली में पुजारगांव के ऊपर और नीचे डेढ़ से दो किमी के दायरे में बिजपुर-पनियाला और डोडग-थापला मोटर मार्ग बना हुआ है। गांव के लोग दोनों सड़क से गांव को जोड़ने की मांग वर्षों से कर रहे हैं, लेकिन आज तक समस्या हल नहीं हुई है। वर्ष 2003 में ल्वारखा-पुजारगांव तीन किमी सड़क को स्वीकृति मिली थी। उस पर भी काम आगे नहीं बढ़ पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2003 से लगातार सड़क निर्माण शुरू करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। प्रधान सुरेश आर्य, गिरीश आर्य, बृजमोहन उनियाल, गुणानंद व्यास, बर्फेश्वर नौटियाल, सूरजमणि ने कहा कि सड़क निर्माण जल्द शुरू नहीं किया जाता है, तो लोनिवि बौराड़ी में बेमियादी धरना शुरू किया जाएगा। लोनिवि के ईई केएस नेगी का कहना है कि तीन किमी मोटर मार्ग की द्वितीय फेज की स्वीकृति नहीं मिली है। इसकी डीपीआर शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।