विधानसभा कूच करते 74 शिक्षामित्र गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्ति की मांग को लेकर बुधवार को विधानसभा कूच करते प्रशिक्षित शिक्षामित्रों को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। इस दौरान शिक्षामित्र और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। जिसके बाद पुलिस सभी को गिरफ्तार कर जेल ले गई। जहां से एक घंटे के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
अपराह्न करीब तीन बजे प्रशिक्षित शिक्षामित्र महासंघ के बैनर तले प्रदेश भर के लगभग 74 शिक्षामित्रों ने विधानसभा की ओर कूच किया लेकिन रास्ते में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। शिक्षामित्र जबरन बैरिकेडिंग से आगे जाने का प्रयास करने लगे। पुलिस के साथ हुई नोकझोंक और धक्का-मुक्की से मामला बढ़ता देख पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और सुद्धोवाला जेल भेज दिया। जहां से करीब एक घंटे बाद पांच बजे सभी को रिहा कर दिया गया।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष खजान सिंह चौहान ने बताया कि दो साल से महासंघ डीएलएड प्रशिक्षित, टीईटी व सीटीईटी उत्तीर्ण 200 शिक्षामित्र सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। जिसके चलते शिक्षामित्रों में भारी रोष है। इस दौरान संदीप कुमार, वीरेंद्र सिंह चौहान, जीवन मेहरा, नीलम सोरडी, यतेंद्र कुमार, दीपक राठौर, नवबहार सैनी आदि मौजूद रहे।