ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
उत्तराखंड आंदोलनकारी शहीद स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता की खिताबी भिड़ंत रविवार को 21वीं मद्रास रेजीमेंट और नॉर्दर्न रेलवे के बीच होगी। नॉर्दर्न रेलवे ने डीएफए और 21वीं मद्रास रेजीमेंट ने सिटी यंग को हराकर फाइनल मुकाबले में जगह बनाई है।
पवेलियन मैदान में शनिवार को पहला सेमीफाइनल मुकाबला नॉर्दर्न रेलवे और देहरादून फुटबॉल एकेडमी के बीच खेला गया। डीएफए के सूरज ने 14वें मिनट में पहला गोल दागकर टीम को 1-0 से बढ़त दिलायी। 43वें मिनट में नॉर्दर्न रेलवे के तुषार ने फ्री किक पर गोल कर टीम को 1-1 की बराबरी पर पहुंचा दिया। दूसरे हाफ में डीएफए के शिवम ने 60वें मिनट में गोलकर टीम को 2-1 से आगे कर दिया। आठ मिनट बाद ही नॉर्दर्न रेलवे के सूरज ने जवाबी गोल दागकर स्कोर फिर बराबर कर दिया। 89वें मिनट में रेलवे के तुषार ने गोल दागकर 3-2 से मुकाबला जीत लिया और फाइनल में जगह बनाई।
दूसरा सेमीफाइनल सिटी यंग और 21वीं मद्रास रेजीमेंट के बीच हुआ। पहले हॉफ में दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने अटैक किया, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर पाया। 54वें मिनट में मद्रास रेजीमेंट के कबीर ने गोल दागकर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। सिटी यंग की टीम अंत तक इस अंतर को नहीं पाट सकी और मुकाबला हार गई।