टिहरी के आयुष की फिरकी के आगे श्रीलंका पस्त
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। कोलंबो (श्रीलंका) में खेली जा रहे चार दिवसीय अंडर-19 क्रिकेट मैच के पहले दिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार खेल दिखाते हुए श्रीलंका को 244 रनों पर ढेर कर दिया। भारतीय टीम में शामिल टिहरी गढ़वाल के आयुष बड़ोनी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए। टीम की कप्तानी रामनगर, पौड़ी के अनुज रावत कर रहे हैं।
मंगलवार को चार दिवसीय मुकाबले के पहले दिन आलराउंडर आयुष ने शानदार ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हुए 9.3 ओवर में 24 रन देकर चार विकेट लिए। हर्ष त्यागी ने 26 ओवर में 92 रन देकर चार और अर्जुन तेंदुलकर व मोहित जांगरा ने एक-एक विकेट लिया। मूलत: चंद्रबदनी, टिहरी निवासी पत्रकार विवेक बड़ोनी के पुत्र आयुष ने मॉडर्न स्कूल बाराखंबा, दिल्ली से इसी वर्ष 12वीं परीक्षा पास की है। आयुष दिल्ली की अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 टीम में शामिल रहे। आयुष मूलत: बल्लेबाज हैं, जो बेहतरीन ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। नॉर्थ जोन की टीम से खेलते हुए आयुष ने सबसे ज्यादा रन बनाए, जिसके बाद उसे चार वन डे और दो टेस्ट में जगह मिली।