झबरेड़ा। ईंट के भट्टे पर काम करने वाले एक मजदूर ने दूसरे की गला घोंटकर हत्या दी। दोनों मजदूर यूपी के प्रतापगढ़ जिले के एक ही गांव के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
शनिवार को पुलिस को सूचना मिली की खडखड़ी दयालपुर में कुलदीप सिंह के खेत में एक शव पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके से एक टूटा हुआ फोन और एक डायरी मिली। शव की पहचान राजनारायण वर्मा पुत्र गया प्रसाद वर्मा निवासी गिरधर सहाय पूर्वा थाना लालगंज अजहरा जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। राज नारायण मानकपुर आमदपुर में एक भट्टे पर काम करता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि शुक्रवार को कुलदीप अपने साथी मनोज पुत्र जगधर प्रसाद के साथ समान लेने गया था। पुलिस ने आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में मनोज ने बताया कि शुक्रवार को दोनों ने शराब पी। पैसों को लेकर राजनारायण के साथ विवाद हो गया था। मनोज ने अपने कमीज से राजनारायण का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद मनोज ने शव को एक पेड़ पर लटका कर वारदात को आत्महत्या का रूप देने की भी कोशिश की। थाना अध्यक्ष सुखपाल सिंह मान की अगुवाई में पुलिस की टीम ने पूरे मामले का खुलासा किया।