ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
गढ़ी कैंट के लोगों को बिजली का बिल जमा करवाने के लिए अब अनारवाला और दिलाराम बाजार जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बुधवार को उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लि. और कैंट बोर्ड की ओर से गढ़ी कैंट में ही विद्युत बिल संग्रह एवं शिकायत केंद्र का शुभारंभ कर दिया गया।
मसूरी विधायक गणेश जोशी ने विद्युत बिल संग्रह एवं शिकायत केंद्र का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यहां गढ़ी, डाकरा के साथ ही निंबूवाला, आमबाग, टपकेश्वर आदि क्षेत्र के बिजली के बिल जमा होंगे। इसके अलावा जैंतनवाला, पुरोहितवाला, चांदमारी, नागनाथ जैसे ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता भी अपने बिल जमा करा सकेंगे। कहा कि इसे एक मॉडल के रूप में विकसित किया गया है, जहां एयर कंडीशन, आरओ, वॉटर कूलर के साथ ही उपभोक्ताओं के बैठने के लिए बेंच भी लगाए गए हैं। छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष विष्णु प्रसाद, देवेंद्र पाल सिंह ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान मंडल अध्यक्ष पूनम नौटियाल, महामंत्री सुरेंद्र राणा, टपकेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी भरत गिरी, देवेंद्र पाल सिंह, विष्णु प्रसाद, सभासद मधु खत्री, जिपं सदस्य संध्या थापा के साथ ही विभाग के मुख्य अभियंता वितरण एलएल प्रसाद, मुख्य अभियंता एके बर्थवाल, अधीक्षण अभियंता आशीष अरोड़ा अधीक्षण अभियंता शैलेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता वीके सिंह आदि मौजूद रहे।