बच्ची के पेट से निकाला बालों का गुच्छा
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। दून अस्पताल में चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर 11 साल की बच्ची के पेट से डेढ़ किलो बालों का गुच्छा निकाला है। बुधवार को ऑपरेशन के बाद बच्ची की तबियत में सुधार है।
11 साल की एक बच्ची को बाल चबाने की आदत पड़ गई। इससे उसे पेट में बार-बार दर्द और उल्टी होने लगी। ज्यादा परेशानी होने पर परिजनों ने उसे दून अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसके पेट से डेढ़ किलो बालों का गुच्छा निकाला है। ऑपरेशन करने वाले वरिष्ठ सर्जन डॉ. केके टम्टा ने बताया कि करीब 15 दिन पहले विकासनगर का एक व्यक्ति 11 वर्षीय बेटी प्राची को लेकर अस्पताल पहुंचा। उसे पेट दर्द और उल्टी हो रही थी। डॉ. टम्टा ने उसकी अल्ट्रासाउंड व अन्य जांच कराई तो पेट में बालों का एक बड़ा गुच्छा होने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने ऑपरेशन कर बालों का गुच्छा निकालने का फैसला किया।
बुधवार को डॉ. केके टम्टा ने ऑपरेशन कर बालों का गुच्छा निकाल दिया। उन्होंने बताया कि कई बच्चों को बाल चबाने की आदत पड़ जाती है। धीरे-धीरे यह पेट में जमा होने लगते हैं। ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. मोहित गोयल, डॉ. धनंजय डोभाल, डॉ. हेमा सक्सेना, डॉ. दीपिका तिवारी, स्टाफ नर्स पुष्पा सिंह, प्रतिमा सिंह आदि शामिल रहे।