ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
जाम और पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए शुक्रवार को एमडीडीए कार्यालय में विभिन्न महकमों के अधिकारियों के साथ ऑन स्ट्रीट स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था के बाबत चर्चा की गई। बैठक में घंटाघर से अजंता होटल के बीच सड़क के दोनों ओर पार्किंग बनाने पर मंथन किया गया। पार्किंग बनने पर 400 वाहन खड़े करने की सुविधा होगी। पार्किंग स्थल सुनिश्चित करने और अन्य कार्य के लिए ब्रिडकुल को नामित कर एक सप्ताह के भीतर डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मसूरी देहरादून प्राधिकरण कार्यालय में शुक्रवार को एमडीडीए उपाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्ताव की अध्यक्षता में ऑन स्ट्रीट स्मार्ट पार्किंग के संबंध में हुई बैठक के दौरान शहर में जाम और पार्किंग व्यवस्था की समस्या से निपटने के बाबत चर्चा की गई। बैठक में घंटाघर से अजंता होटल के बीच सड़क के दोनों ओर ऑन स्ट्रीट स्मार्ट पार्किंग बनाने पर सहमति बनी। पार्किंग की कार्य योजना के निरीक्षण के लिए एमडीडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त, एसपी ट्रैफिक एवं एसडीएम स्तर के अधिकारी की समिति का गठन भी किया गया। इन पार्किंग में 400 वाहन खड़े करने की सुविधा होगी। इस दौरान ब्रिडकुल (ब्रिज, रोप-वे, टनल एंड अदर्स इंफ्राट्रेक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन उत्तराखंड लिमिटेड) के अधिकारियों ने पार्किंग व्यवस्था के लिए डीपीआर और वर्किंग ड्राइंग का प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में नगर आयुक्त डॉ. विजय कुमार जोगडंडे, एसपी ट्रैफिक लोकेश्वर सिंह, एमडीडीए सचिव पीसी दुम्का, महाप्रबंधक ब्रिडकुल प्रदीप गैरोला, जेई पीडब्ल्यूडी प्रोविन्सियल, एई लोनिवि ऋषिकेश व ट्रांसपोर्ट प्लानर एमडीडीए जगमोहन सिंह आदि मौजूद रहे।
सुबह नौ से रात आठ बजे तक रहेगी सुविधा
इन पार्किंग में सुबह नौ से रात आठ बजे तक वाहन खड़े करने की सुविधा होगी। सप्ताह के अंत में अधिक यातायात होने के कारण पार्किंग का समय रात 10 बजे तक रहेगा।
पांच मीटर से अधिक जगह पर बनेगी कार पार्किंग
पार्किंग व्यवस्था के लिए विभिन्न जगहों पर स्थान की उपलब्धता भी परखी जाएगी। इसी आधार दो और चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग बनाने पर निर्णय लिया गया है। इसमें पांच मीटर से कम की जगहों पर दोपहिया वाहन और पांच मीटर से अधिक स्थान उपलब्ध होने पर चार पहिया वाहन के लिए पार्किंग बनाने की बात तय हुई।
एप के जरिये हो सकेगा पार्किंग का भुगतान
ऑन स्ट्रीट स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था में एमडीडीए ने पार्किंग बुक के लिए स्पेस बुक कराने के साथ ही ऑनलाइन भुगतान की भी सुविधा देगा। इसके लिए एप की विकसित जाएगा। जिसमें पार्किंग स्थान आदि की जानकारी होगी। इसी एप के माध्यम से वाहन चालक स्थान बुक कराने के साथ भुगतान भी कर सकेंगे। इसके अलावा मौके पर भी पीओएस मशीन के जरिये भुगतान की सुविधा रहेगी। पार्किंग स्थल पर सीसीटीवी कैमरे समेत अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।