मसूरी रोड पर बस पलटी, छह घायल
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
मसूरी रोड पर शनिवार रात पर्यटकों की बस पलट गई। हादसे में छह पर्यटक घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार रात बस संख्या यूके 08 पीए 0861 मसूरी रोड पर शिव मंदिर से कुछ ऊपर सड़क पर पलट गई। चीख पुकार सुनकर अन्य वाहनों के चालक तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की पहचान रतलाम निवासी प्रकाश छाबड़ा, राजेश, निवासी इंदौर (मध्य प्रदेश), गांधीग्राम गुजरात निवासी मीता, पुरानी दिल्ली निवासी जानकी देवी, दिल्ली निवासी नंदा और शारदा के रूप में हुई।
राजपुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि बस में 24 यात्री थे, जिनमें से छह को चोटें आई हैं। उन सभी को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर ही पलट गया।