ब्यूरो/अमर उजाला /देहरादून।
उत्तराखंड प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ ने महानिदेशक और निदेशकों के पदों पर कार्यवाहक व्यवस्था खत्म करके प्रमोशन से पदों को भरने की मांग की गई। इसके अलावा संघ भवन के लिए अप्रैल महीने तक स्थान सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है।
उत्तराखंड प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ की बैठक शनिवार को चंद्रनगर में प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. आनंद शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि विभाग में रिक्त पदों पर प्रमोशन की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की बात रखी। इसके अलावा यात्रा के दौरान चिकित्सकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। बैठक में कहा गया कि जहां भी डॉक्टरों की कमी होती है वहां दूसरी जगह से विशेषज्ञ डॉक्टरों को रोटेशन में भेजा जाता है, लेकिन चिकित्सकों को रहने, भोजन आदि की जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती हैं। ऐसे में सारी व्यवस्थाएं डॉक्टरों को खुद ही करनी पड़ती हैं। इसके अलावा केंद्र की ओर से दिए जाने वाले भत्ते एनपीए, एचआरए उत्तराखंड में लागू करने की मांग रखी गई। बैठक के दौरान मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री और सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य से मिलने का निर्णय भी किया गया। बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. मेघना असवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप राणा, अतिरिक्त महासचिव गढ़वाल डॉ. अजीत मोहन जौहरी, डॉ. संजीव सिंह, डॉ. आरके सिंह, डॉ. चारु बहुगुणा, डॉ. नरेश नपलच्याल आदि मौजूद रहे।