स्वजल विभाग की ओर से अब ऐसे परिवारों को भी शौचालय निर्माण पर प्रोत्साहन राशि का ईनाम दिया जाएगा, जिनका नाम सूची में नहीं था। केंद्र ने नगर निकायों में शामिल गांवों के लाभार्थियों की जगह तीन हजार ऐसे परिवारों को प्रोत्साहन राशि देने को हरी-झंडी दे दी है, जिन्होंने शौचालय बनाए हैं।
स्वजल विभाग ने वर्ष 2012 की शौचालय विहीन सूची के आधार पर शौचालय बनाने का काम शुरू किया था। एक लाख छह हजार 356 शौचालयों का निर्माण करवाकर लाभार्थी परिवारों को योजनाओं का लाभ देना था, लेकिन इसी बीच नगर निगम रुड़की में सात पंचायतों और पिरान कलियर में चार ग्राम पंचायतों को जोड़ दिया गया था। इससे इन पंचायतों के लाभार्थियों के हाथों से स्वजल के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि निकल गई थी। क्योंकि स्वजल की यह योजना केवल ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ही थी। इस पर स्वजल विभाग की ओर से नगर निकायों में शामिल पंचायतों की सूची में दर्ज शौचालय विहिन परिवारों की जगह अन्य ग्रामीणों के नाम जोड़ने की कवायद शुरू की थी। पिछले दिनों केंद्र सरकार की ओर से इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे अब इनके घरों में भी शौचालय बनाए जाएंगे।