लंबगांव (टिहरी)। शुक्रवार शाम प्रतापनगर क्षेत्र के लंब गांव में हुई मूसलाधार बारिश ने जमकर तांडव मचाया। लंबगांव गदेरे के उफान में आने से बाजार में बाढ़ जैसे हालात पैदा होे गए। पांच दुकानों और कई घरों के अंदर पानी और मलबा घुस गया। 20 दुकानें खतरे की जद में आ गए हैं। सड़क पर खड़ी दो बाइकें मलबे में दब गई हैं। पुलिस चेक पोस्ट और अपर बाजार की सड़क पूरी तरह से मलबे से पट गई है। अपर बाजार की सड़क के दलदल में तब्दील हो जाने के कारण लोग आवाजाही नहीं कर पा रहे हैं। जिस तरह पानी बरसा है उससे लग रहा है जैसे बादल फटा हो लेकिन जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने लंबगांव क्षेत्र में बादल फटने से इनकार किया है।
प्रतापनगर क्षेत्र में शाम पांच बजे से छह बजे तक मूसलाधार बारिश हुई। इससे कुछ ही देर बाद लंब गांव गदेरा उफान में आ गया। गदेरे में पत्थर और मलबा जमा होने से पानी ने बाजार की ओर रुख कर लिया। गिरीश सिंह की वेल्डिंग की दुकान मलबे में दब गई। राजवीर पंवार, पवन राणा, धर्म सिंह रांगड़ और मनोज जोशी की दुकान और एक होटल के अंदर पानी घुसने से सामान बर्बाद हो गया। गदेरे के समीप की 20 दुकानें खतरें की जद में आ गई हैं।
अपर बाजार की नालियंा चोक होने से सड़क मलबे से पट गई है। सड़क पर खड़ी दो बाइकें मलबे में दब गईं। पुलिस चेक पोस्ट के अंदर भी मलबा घुस गया है। सड़कें भी मलबे से पट गई हैं। इस कारण प्रतापनगर ब्लॉक मुख्यालय और उत्तरकाशी मार्ग पर यातायात अवरुद्ध हो गया है। लंबगांव गदेरे में बड़ी मात्रा में पत्थर और मलबा आने का मुख्य कारण रौणिया-लंबगांव निर्माणाधीन मोटर मार्ग को माना जा रहा है क्योंकि उक्त निर्माणाधीन मोटर मार्ग की मिट्टी बाजार के ऊपरी क्षेत्र में जगह-जगह डंप की गई है।