ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। छात्रवृत्ति घोटाले के आरोपी एवं जनजाति विभाग के उप निदेशक अनुराग शंखधर के निलंबन का आदेश आज सोमवार को जारी किया जाएगा। बृहस्पतिवार को आरोपी को जेल भेजा गया था।
दरअसल, तीन माह पहले 26 फरवरी को पूर्व समाज कल्याण अधिकारी अनुराग शंखधर को उनके मूल केडर जनजाति विभाग में स्थानांतरण किया गया था। इसके लिए उन्होंने शासन से भी आग्रह किया था। लेकिन, छात्रवृत्ति घोटाले में संलिप्त होने के चलते वह अपने विभाग से गायब हो गए थे। उच्च न्यायालय की सख्ती के बाद 15 मई को वह विभाग में उपस्थित हुए और 17 मई को उन्हें जेल भेज दिया गया। जनजाति विभाग के निदेशक बीआर टम्टा ने बताया कि नियमानुसार अधिकारी के जेल जाने के 24 घंटे बाद निलंबित कर दिया जाता है। लेकिन, दो दिन अवकाश के चलते आदेश जारी नहीं किया गया। इसलिए सोमवार को उनके निलंबन का आदेश जारी किया जाएगा।