ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
विकासनगर वॉरियर और अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी (एसीए) ने अपने-अपने मुकाबले जीत कर दूसरे दौर में प्रवेश किया। प्रेमनगर स्थित राम राज क्रिकेट एकेडमी के मैदान में चल रही दूसरी ऑल इंडिया टी-20 चैंपियन ट्राफी के रविवार को दो मुकाबले खेले गए।
पहला मुकाबला विकासनगर वॉरियर और जीआरडी की टीम के बीच खेला गया। विकासनगर की टीम ने टॉस जीतकर कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 16.2 ओवर में 132 रन बनाए। टीम के ललित धीमान ने 33 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीआरडी की टीम 17.6 ओवर में 116 रनों पर ही सिमट गई। टीम के लिए मयंक ने 44 रन बनाए। जबकि, कोई अन्य खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका।
दूसरा मुकाबला सुपर किंग्स और अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया। सुपर किंग्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.2 ओवर में 111 रन बनाए। टीम के लिए शुभम ने 65 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के ओपनर बल्लेबाज सन्नी राना के 38 और वैभव भट्ट के 26 रनों की बदौलत टीम ने 9.3 ओवर में दो विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया।