परीक्षाओं में दिव्यांगों को मिलें सभी छूट : अनंत
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। बोर्ड सहित अन्य परीक्षाओं में दिव्यांगों को दी जाने वाली विभिन्न छूटों का शत प्रतिशत पालन कराने के लिए राज्य दिव्यांग सलाहकार बोर्ड के सदस्य अनंत प्रकाश मेहरा ने विद्यालयीय शिक्षा महानिदेशक को ज्ञापन भेजा है।
अनंत ने बताया कि दिव्यांग अधिकार अधिनियम-2016 के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने परीक्षा के दौरान दिव्यांगों की सुविधा के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हुए हैं। लेकिन संज्ञान में आया है कि उत्तराखंड के दूरस्थ एवं पहाड़ी क्षेत्रों में दिव्यांग छात्रों को दिए जाने वाले अतिरिक्त समय व स्क्राइबर अथवा अन्य सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है। परीक्षा में अध्यापकों की ओर से उन्हें समुचित सहयोग नहीं मिल रहा है। ऐसे में दिव्यांगों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। अनंत ने बताया कि वह मुनीषाभा सेवा सदन पुनर्वास संस्थान संयुक्त दून डिफरेंटली एबल ट्रस्ट का भी संचालन करते हैं, जिसमें दिव्यांगों को निशुल्क शिक्षा दी जाती है।