पानी के बिलों में सीवर चार्ज देख भड़के लोग
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। नगर निगम में जुडे़ इलाकों में दिए पानी के बिलों के साथ सीवर चार्ज देख लोग भड़क गए। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में सीवर का कोई संबंध न होने के बावजूद भी बिल में सीवर का चार्ज जोड़ दिया गया। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
नगर निगम का दायरा बढ़ने के बाद 40 वार्डों नए वार्ड बनाए गए हैं। निगम में जुडे़ नए गांवों में हर घर को दो हजार रुपये से अधिक का पानी का बिल मिलने पर लोगों में रोष है। नकरौंदा की पार्षद अजेयता पंवार ने बताया कि पहले चार माह का पानी का बिल अमूमन सात से आठ सौ के बीच आता था, लेकिन नगर निगम से जुड़ने के बाद पानी का बिल दो हजार रुपये के करीब आया है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी रोष है। क्षेत्र में सीवर है ही नहीं। बावजूद इसके पानी के बिलों में सीवर चार्ज भी जोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
उधर, नवादा के पार्षद सचिन थापा और रायपुर के पार्षद कपिल देव ने कहा कि पानी के बिलों में सीवर का चार्ज जोड़ना गलत है। इस संबंध में बीते दिनों मेयर सुनील उनियाल गामा से मुलाकात की भी थी।
जल संस्थान में तालाबंदी की चेतावनी
कुछ दिन पहले ऐसा ही मामला नगर निगम में जुड़े हर्रावाला में भी आया था, जिसमें पानी के बिल दो गुना से तीन गुना तक आए थे, जिसमें सीवर चार्ज भी जोड़कर भेजा गया था। इस मामले में देवभूमि महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष प्रमोद कपरुवाण शास्त्री ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर मुख्यालय में तालाबंदी कर आंदोलन की चेतावनी दी है।
---
पानी के बिलों में सीवर चार्ज नहीं जोड़ा गया है। जल संस्थान की ओर से टैरिफ दरों में बढ़ोतरी की गई है। लोगों को दिए गए बिलों में सीवर चार्ज के विकल्प को नहीं हटाया गया। बिल के फॉर्मेट (प्रारूप) में बदलाव न करने से यह समस्या हो रही है, जबकि बिलों में अप्रैल से नवंबर तक के पिछली दो किस्तों के बिल भी जोड़े गए हैं। इसके चलते पानी के बिल बढ़ कर आए हैं।
- विनोद रमोला, अधिशासी अभियंता, रायपुर