ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
शहरवासियों को जल्द ही पेयजल की किल्लत से निजात मिलने वाली है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शनिवार को डोईवाला में 10 साल से लटकी सौंग बांध परियोजना का शिलान्यास करेंगे। 900 करोड़ रुपये की इस परियोजना से काफी हद तक नगर निगम क्षेत्र की पेयजल की समस्या का समाधान हो जाएगा।
मेयर सुनील उनियाल गामा ने बताया कि नगर निगम चुनाव के दौरान निगम क्षेत्र में पेयजल संकट दूर करने का जो वादा किया गया था, वह अब पूरा होने वाला है। इसके तहत सौंग नदी पर बांध बनने के बाद इसकी झील से देहरादून के साथ ही आसपास के इलाकों में जलापूर्ति की जाएगी। 76 हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाला सौंग बांध 148 मीटर ऊंचा और इसी से चार किलोमीटर लंबी झील का निर्माण होगा। बहुउद्देशीय सौंग डैम परियोजना को केवल पेयजल पर ही केंद्रित किया गया है। इसका निर्माण भविष्य में दून में पैदा होने वाले पेयजल संकट को देखते हुए किया जा रहा है। यह परियोजना एक साल के भीतर पूरी हो जाएगी। इसका लाभ क्षेत्र के लाखों परिवारों को होगा।