चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। गंगोत्री हाईवे की बदहाली के चलते क्षेत्र के लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने शीघ्र हाईवे को दुरुस्त नहीं कराने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
टिहरी बांध झील के कारण हुए कटाव के चलते गंगोत्री हाईवे का करीब 65 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। टीएचडीसी ने इस हिस्से में झील की ओर से 3.85 करोड़ रुपये लागत से सुरक्षा दीवार का निर्माण कराकर हाईवे को सुरक्षित कर दिया है, लेकिन बीआरओ ने अभी तक इस हिस्से में हाईवे पर डामरीकरण तथा पानी की निकासी के लिए नाली निर्माण कराने की जहमत नहीं उठाई। व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा नौटियाल ने कहा कि हाईवे खस्ताहाल होने व सड़क किनारे गंदे पानी की निकासी के लिए नाली नहीं होने के कारण गंदा पानी गड्ढों में भर जाता है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र हाईवे दुरुस्त नहीं कराया गया, तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर विजयपाल रावत, सुंदर सिंह, विजय प्रकाश, प्रमोद रावत, नरेंद्र, सूरज डंगवाल आदि मौजूद रहे।