ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मद्रास रेजीमेंट को हराकर नॉर्दर्न रेलवे ने उत्तराखंड शहीद स्मृति फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को 25 हजार और उप विजेता टीम को 21 हजार रुपये की धनराशि के साथ ही ट्रॉफी प्रदान की गई।
पवेलियन मैदान में रविवार को दोनों टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत हुई। दोनों ही टीमों ने शानदार खेल दिखाया और लगातार एक-दूसरे पर आक्रमण किए। कई शानदार मूव बनाने के बावजूद पहले हॉफ में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे हॉफ में रेलवे ने शुरुआत से ही हमले किए। 56वें मिनट में जर्सी नंबर नौ दीपक ने टीम के लिए पहला गोल दागा। दोनों टीमें इसके बाद मैच की समाप्ति तक गोल नहीं कर पाई और रेलवे ने मुकाबला 1-0 से अपने नाम कर लिया। समापन अवसर पर नॉर्दर्न रेलवे की टीम को 25 हजार रुपये की धनराशि और विजेता ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। तुषार चौधरी को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, एम जैकब को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, डीएफए को फेयर प्ले, उत्तरकाशी यूथ फुटबॉल क्लब को उभरती टीम और शिवि थापा को सर्वश्रेष्ठ गोल का पुरस्कार दिया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ आंदोलनकारी सुशीला बलूनी, अमित ओबरॉय, वीरेंद्र रावत, मनोज ध्यानी, रविंद्र जुगराण, पुरुषोत्तम भट्ट, विपिन जोशी, रघुवीर बिष्ट, जावेद भट्ट, राजेश चमोली, सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।