2.50 लाख आय वालों को मुफ्त गैस कनेक्शन देगी सरकार : सीएम
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार ढाई लाख वार्षिक आय वालों को मुफ्त में गैस कनेक्शन देगी। उन्होंने मंगलवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 61 परिवारों को गैस कनेक्शन प्रदान किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही हैं। कहा कि प्रदेश के हर परिवार को आयुष्मान योजना का लाभ दिया जाएगा। वहीं, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने कुष्ठ आश्रम में रहने वालों को आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से कुष्ठ आश्रम की टपकती छतों के ऊपर टिन शेड लगवाने और विवेकाधीन कोष से 10 कुष्ठ परिवारों की सहायता का अनुरोध किया। वहीं, अपनी विधायक निधि से मंदिर निर्माण की घोषणा की।
इससे पहले मुख्यमंत्री के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, राजपुर विधायक खजानदास और धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्रदान किए। अध्यक्षता अनंत सागर ने की। कार्यक्रम संयोजक महानगर मंत्री मुकेश सिंघल एवं मंडल महामंत्री राजकुमार कक्कड़ ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने कहा कि पार्टी पं. दीनदयाल के विचारों पर चलती है। इसी के तहत सेवा सप्ताह में पार्टी की ओर से मेडिकल, डोनेशन कैंप के साथ ही उज्जवला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन बांटे जा रहे हैं। प्रदेश सचिव सुनील उनियाल गामा, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, सीताराम भट्ट, संदीप मुखर्जी, महेश पांडे, राजकुमार, अनंत सागर आदि मौजूद रहे। इसके बाद धर्मपुर के रेस्टकैंप वार्ड में स्थित कुष्ठ आश्रम में फल वितरित किए गए।
--
पं. दीनदयाल ने हमेशा गरीबों के हितों में कार्य किया
देहरादून। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर मंगलवार को गोविंदगढ़ वार्ड स्थित प्लाजा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि कैंट विधायक हरबंस कपूर रहे। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने हमेशा देश और गरीबों के हितों में कार्य किया। इस दौरान भाजपा महानगर संयोजक बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ प्रकल्प की मधु जैन, सरिता कोहली, कुलदीप विनायक, निवर्तमान पार्षद शारदा गुप्ता, राहुल चौहान, कविता चौहान, शिखा थापा, प्रताप सिंह, अमन गुप्ता आदि मौजूद रहे।