- हनोल भूमि प्रकरण: पीड़िता ने तहसीलदार पर लगाया जांच को प्रभावित करने का आरोप
ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। जिला प्रशासन दागियों पर मेहरबान है। नौ माह पूर्व (जनवरी 2018) में जिस तहसीलदार का नाम हनोल भूमि प्रकरण में जोर-शोर से उछला था। उसी दागी तहसीलदार को दुबारा से त्यूनी तहसील की कमान सौंप दी गई। अब पीड़िता ने उक्त तहसीलदार पर जांच प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए उसे पद से हटाने की मांग की है। मांग के समर्थन में उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन भी भेजा। उन्होंने जिला प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
भेजे गए ज्ञापन में हनोल निवासी संगीता देवी ने कहा कि 22 जुलाई 2016 को गांव निवासी चंदराम ने तहसील कर्मियों से साठगांठ कर नियम विरुद्ध और फर्जी कागजातों के आधार पर बंजर भूमि के खसरा नंबर 115, 117, 118 और 119 की 0.2000 हेक्टेयर भूमि को अपने नाम दर्ज करा लिया था। मामले की शिकायत उन्होंने जिला प्रशासन के साथ ही गढ़वाल आयुक्त से की थी। जांच के दौरान तहसील प्रशासन की भारी अनियमितता उजागर हुई थी। जांच के दौरान पता चला था कि तत्कालीन और वर्तमान तहसीलदार केडी जोशी ने ही सर्वप्रथम वर्ष 2013 में नियम विरुद्ध जमीन के विनियमितीकरण की संस्तुति की थी। जिसके बाद 2016 में उन्हीं के कार्यकाल में जमीन को फर्जी तरीके से चंदराम के नाम दर्ज कर दिया गया था। वर्तमान में मामला अपर आयुक्त न्यायालय में विचाराधीन है। इस बीच दोबारा दागी तहसीलदार को तहसील क्षेत्र में नियुक्ति देना जिला प्रशासन की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान खड़े करता है। तहसीलदार अपनी शक्तियों का लाभ उठाते हुए जांच को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में मामले की सुनवाई पूरी होने तक तहसीलदार की तैनाती अन्यत्र तहसील में की जानी चाहिए। आरोप लगाया कि वर्तमान में उन्हें तहसील कर्मियों द्वारा प्रताड़ित भी किया जा रहा है। ऐसे में उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए। मालूम हो कि त्यूनी तहसील क्षेत्र के पूर्व तहसीलदार दौलत दास के सेवानिवृत्त होने के बाद सितंबर 2018 में ही तहसीलदार केडी जोशी को दुबारा से त्यूनी तहसील का तहसीलदार बनाया गया है।
जिले में तहसीलदारों की कमी बनी हुई है। ऐसे में केडी जोशी को दुबारा से त्यूनी तहसील का तहसीलदार नियुक्त किया गया है। यदि जांच प्रभावित होने जैसी कोई भी बात मेरे संज्ञान में आती है तो मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- एसए मुरुगेशन, जिलाधिकारी, देहरादून