संस्कृत का वैभव लौटाना होगा
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। संस्कृत सप्ताह समारोह के तहत श्री गुरु राम राय लक्ष्मण संस्कृत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। उन्होंने कहा कि संस्कृत का खोया वैभव लौटाने के लिए इसके प्रयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
महाविद्यालय के छात्रों ने आसपास के क्षेत्रों में जागरुकता रैली निकाली। परशुराम चतुर्वेद संस्कृत विद्यालय के छात्रों के साथ निकाली रैली में उन्होंने संस्कृत भाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय परिसर से भंडारी चौक, हनुमान चौक, दर्शन गेट, लक्खीबाग, सहारनपुर चौक, झंडा बाजार होते हुए विद्यालय तक रैली निकाली। उन्होंने संस्कृत गीत और श्लोक गायन भी किया।
प्राचार्य नत्थीलाल भट्ट ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है लेकिन आज सबसे प्राचीन भाषा का अस्तित्व खतरे में है। संस्कृत को एक बार फिर आम जन की भाषा बनाने के लिए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देना होगा। इस अवसर पर डॉ. रामभूषण बिजल्वाण, डॉ. शैलेंद्र प्रसाद डंगवाल, आचार्य मनोज शर्मा, नवीन भट्ट, राजाराम, सुबोध, पवन, आयुष, समिरन शर्मा, गौरव आदि मौजूद रहे।