सीटीईटी की आवेदन प्रक्रिया टली
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। सीबीएसई की ओर से आयोजित होने वाली केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) की आवेदन प्रक्रिया टल गई है। तकनीकी दिक्कतों की वजह से आवेदन शुरू नहीं हो पाए हैं। हालांकि सीबीएसई ने कहा है कि जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इस परीक्षा का आयोजन देशभर में 20 भाषाओं में 16 सितंबर को होना है।
सीटीईटी के आवेदन 22 जून से 19 जुलाई के बीच होने थे। तकनीकी दिक्कतों की वजह से 22 जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई। इससे अभ्यर्थी परेशान हैं। अब सीबीएसई ने वेबसाइट पर नोटिस जारी किया है, जिसके मुताबिक जल्द ही सीटीईटी की आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए वेबसाइट पर रोजाना जानकारी लेते रहें। इस बार इस परीक्षा का आयोजन 20 भाषाओं में किया जा रहा है। देश के 92 शहरों में पात्रता परीक्षा आयोजित की जानी है।